
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी में मकान बनाने के औजार और अन्य सामान गायब होने के विवाद में एक राजमिस्त्री की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आशीष कुमार द्विवेदी (30) पुत्र स्वर्गीय देवी प्रसाद द्विवेदी, मूल निवासी ग्राम टेमां, थाना रामसनेहीघाट, बाराबंकी तथा वर्तमान निवासी अमौसी, सरोजनीनगर, लखनऊ के रूप में हुई है। आशीष राजमिस्त्री का काम करता था।
बताया गया कि 19 अगस्त को करीब तीन बजे मकान बनाने के औजार और कुछ अन्य सामान गायब होने को लेकर आशीष का फूलचंद्र श्रीवास्तव (42) और कल्लू उर्फ श्यामलाल रावत (47) से विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनीनगर में कराया गया था।
20 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे आशीष की घर पर मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की।
मृतक के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मु0अ0सं0 320/2026, धारा 105/115(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की घटना में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



