
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार को पति-पत्नी के बीच विवाद का खौफनाक अंत हो गया। बताया जा रहा है कि ICICI बैंक की गोमती नगर शाखा के बाहर रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा को उनके पति ने गोली मार दी। घटना के बाद पति ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है।
दिव्या मिश्रा के संबंध में यह भी बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश की चर्चित पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी साझा की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।



