अपराधलखनऊ

नगराम में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, युवती घायल, एक किशोर को आई मामूली चोट

लखनऊ, 15 जून। राजधानी लखनऊ के थाना नगराम क्षेत्र स्थित ग्राम देवती में सोमवार को एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट होने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक युवती घायल हो गई, जबकि एक किशोर को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया।

पुलिस के अनुसार यूपी-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम देवती के बाहर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया है। सूचना मिलते ही थाना नगराम पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि विस्फोट ग्राम देवती निवासी मो. शफीक पुत्र मो. लतीफ (26 वर्ष) की लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुआ। हादसे में मारिया पुत्री मो. इस्लाम (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया। वहां से उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल, लखनऊ रेफर कर दिया गया।

इसके अलावा मोहित पुत्र राम बहादुर (16 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री के आसपास घनी आबादी नहीं है और अब तक किसी अन्य जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के साथ अन्य तथ्यों का भी संकलन किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button