दुष्कर्म के दोषी कौशल को सात वर्ष का कठोर कारावास, 50 हजार रुपये जुर्माना

न्यायालय ने पॉक्सो एक्ट के तहत सुनाई सजा, पीड़िता को प्रतिकर दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा आदेश
लखनऊ। नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट, न्यायालय संख्या-3 लखनऊ के न्यायाधीश विनीत नारायण पाण्डेय ने दोषी कौशल को सात वर्ष के कठोर कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। इसके साथ ही न्यायालय ने भारतीय दंड संहिता की धारा 506 के तहत एक वर्ष का कठोर कारावास और 500 रुपये अर्थदंड भी लगाया है।
सरकारी अधिवक्ता शैलेश कुमार सिंह के अनुसार, मामला थाना माल क्षेत्र का वर्ष 2015 का है। अभियुक्त कौशल पर आरोप था कि उसने पीड़िता को बहाने से अपने साथ ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया तथा घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में थाना माल में मुकदमा अपराध संख्या 247/2015 के तहत धारा 376, 506 भादंसं एवं धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से वादी, पीड़िता सहित सात गवाहों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों के आधार पर अभियुक्त को दोषसिद्ध करार दिया।
न्यायालय ने आदेश में कहा कि पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी को सात वर्ष का कठोर कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया जाता है। जुर्माना अदा नहीं करने पर तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। वहीं धारा 506 के तहत एक वर्ष का कठोर कारावास और 500 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर 15 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। न्यायालय ने दोनों सजाओं को साथ-साथ चलाने का आदेश दिया है।
इसके अतिरिक्त न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 357 के तहत अर्थदंड की धनराशि पीड़िता को अदा किए जाने का आदेश दिया। पीड़िता को क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए निर्णय की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
न्यायालय ने दोषसिद्ध अभियुक्त को सजा भुगतने के लिए जिला कारागार भेजने का आदेश दिया। फैसला 16 नवंबर 2026 को सुनाया गया।



