लखनऊ

दुबग्गा सर्विस लेन पर चल रहा था अवैध हुक्का बार, पांच गिरफ्तार, तीन बाल अपचारी संरक्षण में

लखनऊ। पारा थाना पुलिस ने बुद्धेश्वर से दुबग्गा जाने वाली सर्विस लेन पर एक इमारत के दूसरे तल पर संचालित हो रहे अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से पांच युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया। हुक्का बार में युवक अलग-अलग टेबल पर बैठकर पाइप के माध्यम से फ्लेवर्ड तंबाकू का सेवन कर रहे थे। पूरे हॉल में धुआं फैला हुआ था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का, पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू, चिलम, फिल्टर, कोयला, सिल्वर फॉयल समेत अन्य सामान बरामद किया।

पुलिस के मुताबिक, 07 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पारा पुलिस टीम ने दुबग्गा सर्विस लेन स्थित भवन में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया और तीन बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया। मौके पर हुक्का बार संचालन के संबंध में कोई वैध लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

19 से 27 वर्ष तक के युवक गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से अनिकेत तिवारी पुत्र सुनील तिवारी निवासी काशीराम कालोनी सदरौना, थाना पारा, उम्र करीब 19 वर्ष, दीपक सिंह पुत्र भानू प्रताप सिंह निवासी काशीराम कालोनी सदरौना, उम्र करीब 27 वर्ष, सैफ अली पुत्र खालिक अली निवासी भूहर गांव रिंग रोड, थाना ठाकुरगंज, उम्र करीब 20 वर्ष, बालेन्द्र कुमार पुत्र स्व. शिवकुमार निवासी आदर्श विहार, थाना पारा, उम्र करीब 19 वर्ष तथा शिवा कनौजिया पुत्र स्व. दिनेश कनौजिया निवासी आदर्श विहार, थाना पारा, उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों और बाल अपचारियों ने पुलिस को बताया कि हुक्का बार का संचालन कैफे मालिक अभिषेक यादव द्वारा किया जाता है। पुलिस के अनुसार, वही फ्लेवर और हुक्का उपलब्ध कराता था। मामले में पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

भारी मात्रा में हुक्का सामग्री बरामद

पुलिस ने मौके से आठ हुक्का, आठ हुक्का पाइप, नौ पैकेट फ्लेवर तंबाकू, पांच मिट्टी की चिलम, आठ सिलिकॉन चिलम, 48 फिल्टर, दो पैकेट कोयला, एक पैकेट सिल्वर फॉयल, एक कोल बास्केट, 14 कांच के गिलास, छह हुक्का सफाई ब्रश और चार हुक्का पाइप सफाई ब्रश बरामद किए।

बरामदगी के आधार पर थाना पारा में मु0अ0सं0 702/2026, धारा 4/7/21 सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों और संरक्षण में लिए गए बाल अपचारियों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह पुलिस टीम रही शामिल

अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक विनय पटेल (चौकी प्रभारी बुद्धेश्वर), उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मौर्या, उपनिरीक्षक सचिन चौधरी, हेड कांस्टेबल अभिषेक यादव और हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, थाना पारा कमिश्नरेट लखनऊ शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button