मोहलालगंज डबल मर्डर केस का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के Mohanlalganj क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त Amrendra Kumar Sengar के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी Nipun Agarwal के पर्यवेक्षण में थाना मोहनलालगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
9 मार्च की रात हुई थी मां-बेटे की हत्या
मामला 9 मार्च की रात का है, जब सिसेंडी निवासी एक महिला और उसके 18 वर्षीय बेटे की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चार टीमों का गठन किया।
जांच और साक्ष्य जुटाने के दौरान स्थानीय निवासी केशन उर्फ किशन रावत (35) का नाम सामने आया, जो मृतका का पूर्व परिचित बताया जा रहा है।
पुलिस पर फायरिंग के बाद मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हुलासखेड़ा से खुजौली की ओर नहर किनारे रास्ते से भाग रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और घायल सिपाही व आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया।
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



