अपराधबड़ी खबर

कंधा भिड़ा तो नाराज सिपाही ने साथियों के साथ युवक को बैरक में ले जाकर पीटा और बाल काटे

लखनऊ। यूपी में पुलिस वालों की संवेदनहीनता के कई मामले सामने आ रहे हैं। आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जब पुलिस अपनी वर्दी का रौब आम लोगों पर दिखाते हैं। कई बार तो पुलिस पर आम लोगों से मारपीट का भी आरोप लगता है।
ऐसा ही एक मामला लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र से सामने आया है जहां एक युवक का कंधा यूपी पुलिस के सिपाही से टकरा गया। आरोप है कि इतनी सी बात पर सिपाही इस कदर नाराज हो गया की उसने युवक की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं उसके बाल भी काट दिए और छत से फेंक देने की धमकी दी। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि लखनऊ के चारबाग में रात के समय कैंट इलाके के कसाईबाड़ा के रहने वाले फैज नाम के युवक का एक सिपाही से कंधा भिड़ गया। गलती से कंधा भिड़ जाने के बाद सिपाही नाराज हो गया। फैज रात में खाना खाने के लिए आया था।
मारपीट के बाद युवक का बाल काटा
आरोप है कि कंधा लड़ जाने पर भड़के दो सिपाही युवक को अगवा कर महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी की बैरक में ले गए। इसके बाद सिपाहियों ने वहां बंधक बनाकर युवक की पिटाई की। इतना ही नहीं सिपाहियों ने युवक के बाल भी काट दिए और फिर छत से फेंकने की धमकी दी।
दोनों आरोपी सिपाही गिरफ्तार
इसके बाद पीड़ित युवक फैज ने महानगर थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महानगर थाने में सिपाही विशाल चैहान और विशांत राणा समेत 10-15 अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। दोनों सिपाही और अज्ञात के खिलाफ घारा, 147, 323, 341,504,506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि पहले तो थाने में बहुत मुश्किल से मारपीट करने वाले सिपाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ। एफआईआर में अपहरण की धाराएं भी नहीं लगाई गई।
पुलिस कर रही है बचाने की कोशिश
पीड़ित युवक का आरोप है कि पुलिस दोनों सिपाहियों को बचाने की कोशिश कर रही है। इसलिए केस में अपहरण की धारा शामिल नहीं की गई है। दोनों आरोपी पुलिस के जवान मेरठ में तैनात हैं। वहीं पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है। दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ दोनों आरोपी सिपाही 2023 में भर्ती हुए है और पीएसी में गोम खेलने के लिए आये थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button