अपराधउत्तर प्रदेश

उमेश पाल व संदीप की हत्या में शामिल ड्राइवर अरबाज इनकाउंटर में ढ़ेर

लखनऊ। प्रयागराज में हुई गवाह की हत्या के मामले में शामिल रहने के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें अरबाज नाम के एक आरोपी को पुलिस ने मार गिराया है। यह मुठभेड़ प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में नेहरू पार्क के पास हुई। बताया जा रहा है कि अरबाज के दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस की गोली लगने के बाद अरबाज को आनन-फानन में स्वरूपरानी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की है ।
बता दें कि धूमनगंज इलाके में ही 24 फरवरी की शाम हमलावरों ने पूर्व विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की हत्या कर दी थी। इस वारदात में उमेश पाल के गनर संदीप निषाद की भी मौत हो गई थी। जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे गनर का इलाज पीजीआई अस्पताल लखनऊ में चल रहा है।
एडीजी लाइन एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि उमेश पाल की हत्याकांड के समय अरबाज वो गाड़ी ड्राइव कर रहा था जिससे शूटर वारदात की जगह पर पहुंचे थे। अरबाज, अतीक अहमद का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है अरबाज और उसके साथियों के धूमनगंज इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने वहां घेराबंदी करके सरेंडर करने को कहा तो अरबाज और उसके दो साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें गोली लगने से अरबाज गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। अरबाज को पुलिस अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button