अपराधउत्तर प्रदेश

चिड़ियाघर से रूपयों से भरा ढाई कुंतल का तिजोरी गायब

लखनऊ। कानपुर में चोरों ने गुरुवार रात चिड़ियाघर के कैश रूम में रखी ढाई क्विंटल की तिजोरी पार कर दिया। तिजोरी के अंदर छह लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। शुक्रवार सुबह जब अधिकारी कैश रूम में पहुंचे तो बाहर से ताला बंद मिला, लेकिन अंदर से तिजोरी गायब थी। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्जकर शक के आधार पर चार कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रभारी क्षेत्रीय वन अधिकारी दिलीप गुप्ता ने पुलिस को बताया कि चिड़ियाघर में आने वाले दर्शकों से होने वाली आय को परिसर में ही स्थित प्रशासनिक भवन में बने कैश रूम के अंदर रखी तिजोरी में रखा जाता है। अधिक कैश जमा होने पर उसे ट्रेजरी में जमा करवा दिया जाता है। करीब एक सप्ताह में 5.95 लाख की आय हुई थी, जिसे तिजोरी में रखवा दिया गया था। बाहर से ताला बंद था। शुक्रवार सुबह जब कैश रूम में पहुंचे तो अंदर से भारीभरकम तिजोरी गायब थी। उन्होंने कैश इंचार्ज समेत चार कर्मचारियों पर शक जताया है, जिनके पास तिजोरी की चाबियां रहती हैं।
शाम को सूचना पर पहुंची नवाबगंज थाना पुलिस ने प्रशासनिक भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो मालूम हुआ कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए थे। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है। एसीपी अकमल खान ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
दिनभर मामले को दबाये रखा, शाम को पहुंचे थाने
डायरेक्टर केके सिंह के अनुसार सुबह सभी सफाई कर्मचारियों और गार्डों से चिड़ियाघर के प्रशासन ने अपने स्तर से पूछताछ की। पूरे परिसर में भी खोजबीन करवाई गई। शाम तक कुछ भी पता न चलने पर पुलिस को सूचना देने का फैसला लिया गया। पुलिस को प्रशासनिक भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर एक कैमरा चलता हुआ मिला, लेकिन उसमें कोई भी नजर नहीं आया। वहीं, पुलिस का कहना है कि यदि उन्हें सुबह से वारदात का पता चल जाता तो फोरेंसिक और डॉगस्क्वाड की मदद ली जा सकती थी। दिन भर लोगों की चहलकदमी से अब इनका लाभ मिलना मुश्किल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button