अपराधउत्तर प्रदेश

हर्ष फायरिंग में किशोरी को लगी गोली, हालत गंभीर

हरदोई। हर्ष फायरिंग में गोली लगने से किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद कार्यक्रम में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में किशोरी को शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
दरअसल, मझिला क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर गाजी के रामू की पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को रामू के घर पर दावत थी, जिसमें सभी लोग शामिल होने के लिए आए थे। गांव के ही शिव वीर सिंह की पुत्र सुहानी सिंह भी दावत में शामिल होने के लिए गई थी।
भोजन करने के बाद महिलाएं डांस कर रही थीं और सुहानी भी वहीं पर मौजूद थी। भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी और गोली वहां खड़ी सुहानी सिंह को लग गई। किशोरी काे गोली लगते ही लोगों में खलबली मच गई। जानकारी पर शिव वीर सिंह मौके पर पहुंचे और बेटी को शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
घटना की सूचना भी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। थाना प्रभारी धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शासन ने हर्ष फायरिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद हर्ष फायरिंग थमने का नाम नहीं ले रही है और गोली लगने से कई लोग घायल हो चुके हैं। वहीं वर्ष 2021 में कछौना, पाली और मल्लावां में हर्ष फायरिंग में कई मौतें भी हो चुकी हैं। लगातार बढ़ रही हर्ष फायरिंग की घटनाओं को रोकने में पुलिस विभाग भी नाकाम साबित हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button