अपराधउत्तर प्रदेश

प्रधानाचार्य को समझाना पड़ा भारी, छात्र ने मारी गोली

लखनऊ। एक प्रधानाचार्य को छात्र को समझाना इतना भारी पड़ा कि छात्र ने ही प्रधानाचार्य पर गोलियों की बौछार कर दी। घायल अवस्था में प्रधानाचार्य को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रधानाचार्य को बिसवा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रधानाचार्य की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सदरपुर थाना इलाके के जहांगीराबाद कस्बे में आदर्श रामस्वरूप विद्यालय इंटर कॉलेज स्थित है। जहां पर दानपुरवा गांव के निवासी राम सिंह वर्मा प्रधानाचार्य हैं। यह विद्यालय उनके बाबा के नाम पर चलता है। शुक्रवार को इंटर छात्र रेवान निवासी गुरविंदर सिंह और रोहित मौर्य के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिस पर प्रधानाचार्य ने बीचबचाव किया था। जिसके बाद मामला शांत हो गया।
शनिवार सुबह करीब सात बजे प्रधानाचार्य राम सिंह वर्मा विद्यालय के बाहर बन रही दुकानों की देखरेख कर रहे थे। इस दौरान गुरविंदर सिंह अपने बस्ते में असलहा लेकर आया और राम सिंह वर्मा के ऊपर गोलियां चला दी। पहली गोली उनको छूते हुए निकल गई। इसके बाद वे विद्यालय की ओर भागे तो गुरविंदर ने दूसरी गोली उनके सिर पर मारी और तीसरी गोली उनके पेट पर मार दी। इसी दौरान कॉलेज का स्टाफ भी मौके पर आ गया। इसे देखकर गुरविंदर वहां से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को बिसवा सीएससी फिर जिला अस्पताल भर्ती कराया है। जहां प्रधानाचार्य की हालत नाजुक बताई जा रही है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button