अपराधउत्तर प्रदेश

अमरोहा में आरपीएफ बैरिक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

अमरोहा। जनपद अमरोहा में आरपीएफ चौकी की बैरक में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक को चोरी के शक में लाकर बैरी के अंदर जमकर पीटा गया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस कस्टडी में मौत को हादसे का रूप देने के लिए युवक के शव रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया गया। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने पर गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का आक्रोश देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से हालात को संभाला। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद नगर कोतवाली में आरपीएफ चौकी इंचार्ज और चौकी के पांच सिपाहियों के साथ ही दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। तत्काल प्रभाव से आरपीएफ ने पांचों आरोपियों को निलबिंत कर दिया है।
मामला शहर अमरोहा के मोहल्ला पीरगढ़ का है। यहां पर रहने वाले 25 वर्षीय विनीत अमरोहा रेलवे स्टेशन के पास श्मशान घाट से सटी गोशाला में नौकरी करता था। दूसरे बेटे छोटू के मुताबिक शनिवार दोपहर लगभग 3:30 बजे उसका भाई विनीत श्मशान घाट परिसर में बैठा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ आरपीएफ कर्मियों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर साथ ले गए। थोड़ी ही देर में परिजन चौकी पहुंच गए। आरपीएफ कर्मियों ने विनीत को हिरासत में लेने से मना कर दिया। छोटू का आरोप है कि जबकि उसका भाई चौकी में ही मौजूद था। शाम में दोबारा जाकर देखा तो आरपीएफ कर्मी उसकी पिटाई कर रहे थे।
रविवार को दिन निकलने पर विनीत की लाश अमरोहा रेलवे स्टेशन के पास ही रेलवे ट्रैक पर मिली। सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग भी पहुंच गए। कुछ ही देर में भारी भीड़ जुट गई और आरपीएफ कर्मियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने माहौल गरमाते देख फोर्स बुला लिया। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ का गुस्सा शांत कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि मृतक के भाई छोटू की तहरीर पर आरपीएफ चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह बिष्ट, आरक्षी दिवाकर, संजू, उस्मान और देवेंद्र ठाकी के साथ ही दो अज्ञात समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है। आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से आरपीएफ के पांचों आरोपियों को निलंबित कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button