थैंक्यू पारा पुलिस, 23 दिन का अपहृत मासूम सकुशल बरामद, 2 लाख में हुआ था सौदा

लखनऊ। पारा पुलिस ने जनता के बीच इकबाल कायम करते हुए 23 दिन का अपहृत मासूम को सकुशल बरामद कर लिया है। घटना का अनावरण करने वाले उपनिरीक्षक राहुल त्रिपाठी व उनकी टीम को पुलिस कमिश्नर ने 20 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है। मासूम बच्चे की मां अंशिका दीक्षित ने पारा पुलिस की बहुत ही सराहना की और धन्यवाद दिया।
विदित हो कि 13 जून को बच्चे की मां अंशिका दिक्षित पत्नी अखिलेश निवासी मदन खेड़ा पारा से गीता दीक्षित ने मदद का भरोसा दिला कर उसके बच्चे को चोरी कर फरार हो गई। जिसके बाद पीड़ित दंपत्ति ने बच्चा अपहरण होने का मुकदमा पारा थाने में पंजीकृत कराया। 13 दिनों बाद घटना का सफल अनावरण करते हुए पारा पुलिस ने बच्चे को सकुशल टिकैतराय तालाब थाना बाजारखाला से बरामद कर लिया है। पुलिस ने मासूम को उसकी मां अंशिका दिक्षित के सुपुर्द कर दिया है।
घटना का खुलासा करते हुए इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि आशीष कुमार तिवारी पुत्र उदित नारायण तिवारी निवासी टिकैतराय तालाब थाना बाजारखाला की बहन प्रीति तिवारी जो एलडीए कॉलोनी बाजारखाला में रहती है। उसकी कोई संतान नहीं है। अभियुक्त आशीष कुमार ने अपने मित्र अफजल पुत्र सत्तार निवासी आलमनगर पीरबक्का थाना तालकटोरा से इस बात पर चर्चा की, तो अफजल ने हामी भर दी और 2 लाख में बच्चा दिलाने का सौदा तय हो गया। अफजाल अपनी परिचित महिला मित्र गीता निवासी सीतापुर से इस बात पर योजना बनाकर अस्पताल के आसपास रेकी करने लगा और 13 जून को अंशिका दीक्षित व उसके गोद में मौजूद बच्चे को टारगेट करते हुए योजना के तहत रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल के बाहर रिक्शा से अंशिका अपने बच्चे को लेकर जाने लगी तभी गीता उस पर बैठ गई और जलालपुर क्रासिंग के पास अंशिका को भ्रमित कर उसके बच्चे को अपनी गोद में ले लिया और गायब हो गई। अफजाल अपनी बाइक यूपी 32 बीएफ 2491 डिस्कवर पर गीता को बैठाकर बच्चा चोरी कर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद प्रीति तिवारी पत्नी उपेंद्र नाथ तिवारी निवासी टिकैत राय तालाब थाना बाजारखाला के घर उसके भाई आशीष कुमार तिवारी की मौजूदगी में सौदे के हिसाब से दो लाख लेकर बच्चे को सौंप दिया। पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए अभियुक्त अफजाल, आशीष व प्रीति तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पुलिस गीता व उपेंद्र नाथ की तलाश कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार अफजाल पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा पंजीकृत है। अफजाल पर थाना महानगर, तालकटोरा, सरोजिनीनगर में कुल छह अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जो वर्तमान में जमानत पर है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक पारा दधिबल तिवारी
उप निरीक्षक राहुल त्रिपाठी
उप निरीक्षक अरुण कुमार यादव
उप निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह
उप निरीक्षक किशोर कुमार
हेड कांस्टेबल पन्ने लाल
कांस्टेबल दीपनारायण
कांस्टेबल विकास मलिक
कांस्टेबल सुनील कुमार सर्विलांस टीम
कांस्टेबल मनजीत सर्विलांस टीम
कांस्टेबल रविंद्र सर्विलांस टीम



