अपराध

संदिग्ध हालात में जली महिला, पति गिरफ्तार

लखनऊ। आशियाना में शनिवार को ससुराल में सौम्या संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। उसे गम्भीर रूप से झुलसी हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। डॉक्टरों की मानें तो सौम्या 50% से अधिक जल गई है। पति के अनुसार सौम्या ने खुदकुशी का प्रयास किया था। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को जलाकर मार डालने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने सौम्या की मां की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। वही आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बछरावां की रहने वाली विमला देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सौम्या की शादी पिछले साल 14 मई को सोनू दीक्षित से की थी। सोनू ने शनिवार दोपहर को सूचना दी कि सौम्या आग से झुलस गई है। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर वह परिवार के साथ अस्पताल पहुंची। वहां दामाद सोनू भी मौजूद था। उसने कहा कि सौम्या ने आग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया है। पर विमला को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि शादी में उन्होंने उनकी दहेज की मांग पूरी की थी। पर, शादी के बाद बेटी को और दहेज लाने के लिये प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर ही सौम्या एक महीना पहले ही मायके से आ गई थी। आशियाना पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी पति सहित ससुरालजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button