बंथरा में बाप ने बेटे को उतारा मौत के घाट

लखनऊ। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में एक पिता ही अपने बेटे के प्यार का दुश्मन बन बैठा। दरअसल उसके बेटे ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ पास की ही एक युवती से शादी कर ली थी। इस बात को लेकर उनमें लगतार झगड़े होते थे। धीरे-धीरे बाप के अंदर बेटे के प्रति अक्रोश बढ़ता ही जा रहा था। अब नाराज बाप ने बेटे को मौत के घाट उतार दिया है। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जबकि थाना प्रभारी ने बताया कि उनके परिवार में आये दिन नशे में होकर झगड़ा हुआ करता था। अक्सर 112 पुलिस उनके घर जाकर दोनों पक्षों को समझा कर शांत करा देती थी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
मामले में पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से पुलिस की टीमें आरोपित पिता की तलाश में दबिश दे रही हैं। बंथरा थाना क्षेत्र के उमेद खेड़ा गांव निवासी प्रिंस सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच साल पहले उसका शुभम के साथ प्रेम विवाह हुआ था। इस शादी से शुभम के पिता कृष्ण कुमार उर्फ काली नाखुश थे। जिसकी वजह से वह शराब पीकर घर में आए दिन गाली गलौज करते थे। प्रिंसी का कहना है कि बुधवार की शाम भी घर में काली शुभम के साथ गाली गलौज कर रहे थे। इस कहासुनी के दौरान ही वह घर छोड़कर अपने मायके की ओर निकल आई। शाम को उनकी चचिया सास ने फोन कर बताया कि शुभम घर में खून से लथपथ पड़ा है। इस पर वह भागकर वहां गई, देखा कि शुभम मृत अवस्था में पड़ा है। प्रिंसी का आरोप है कि काली ने ही शुभम की पीटकर हत्या की है । प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह के मुताबिक घरेलू कलह में घटना को अंजाम दिया गया है। पिता कृष्ण कुमार उर्फ काली ने ईंट से मारकर बेटे को घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हुई है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित पिता कि गिरफ्तारी के लिए गठित की गई टीमे दबिश दे रही हैं।



