विधानसभा के पास मां-बेटी ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना

लखनऊ, 15 जून। उत्तर प्रदेश विधानसभा के निकट सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दो महिलाओं (मां-बेटी) ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते दोनों महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
घटना थाना हजरतगंज क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार विधानसभा के निकट दो महिलाओं द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को सुरक्षित रोक लिया। इसके बाद उन्हें थाना हजरतगंज लाया गया, जहां उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों महिलाएं जनपद हरदोई के थाना संडीला क्षेत्र की निवासी हैं तथा उनका एक प्रकरण संडीला थाना क्षेत्र से संबंधित है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके गांव स्थित मकान में चोरी और संपत्ति विवाद से जुड़े मामले में स्थानीय स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही थीं।
महिलाओं का कहना है कि न्याय न मिलने की भावना के चलते वे अपनी शिकायत शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लखनऊ आई थीं। पुलिस ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही हरदोई पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बावजूद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई तथा समय रहते दोनों महिलाओं की जान बचा ली गई।



