अपराधलखनऊ

किशोरी से दुराचार का आरोप, बिजनौर पुलिस ने किया गिरफ्तार

मझगवां निवासी व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा, मध्य प्रदेश के सिंगरौली का रहने वाला है आरोपित

लखनऊ। राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुराचार के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पांच अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से शुक्रवार, नौ अक्टूबर को आरोपित को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के मझगवां गांव का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में कल्प सिटी के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहता है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि लल्लन बसोर ने उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुराचार किया।

शिकायत के आधार पर थाना बिजनौर में मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के लिए गठित की गईं दो पुलिस टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने नौ अक्टूबर को आरोपित लल्लन बसोर (करीब 40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले का निवासी है और वर्तमान में बिजनौर थाना क्षेत्र में रह रहा था।

न्यायालय के समक्ष किया गया प्रस्तुत

पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में आगे की कार्रवाई प्रचलित है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देशों के क्रम में की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मन वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बिजनौर कपिल गौतम की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button