इंद्रलोक उपखंड में बदहाल बिजली व्यवस्था, रातभर कटौती से जनता बेहाल

लखनऊ। इंद्रलोक उपखंड क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। सरोसा, भरोसा, एफसीआई और शकुंतला मिश्रा पावर हाउस से जुड़े इलाकों के उपभोक्ता बार-बार हो रही बिजली कटौती से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि रात होते ही हर आधे घंटे में बिजली आना-जाना शुरू हो जाती है, जिससे लोगों की नींद, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन रात में अक्सर स्विच ऑफ मिलते हैं, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निगरानी करने के बजाय घर बैठे रहते हैं, जबकि पूरी रात कॉलोनियों के लोग बिजली संकट से जूझते रहते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार ट्रिपिंग और अनियमित आपूर्ति के कारण बिजली उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इंद्रलोक उपखंड की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार कराया जाए, रात में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिल सके।


