लखनऊ में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस, बाइक और कार की टक्कर में युवक की मौत

लखनऊ, 15 जून 2026। राजधानी लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रायबरेली से लखनऊ आ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे बाइक व कार को टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायबरेली डिपो की बस संख्या UP 33 AT 6494 सुबह करीब 9 बजे थाना निगोहा क्षेत्र के अपना ढाबा के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसने होंडा एसपी मोटरसाइकिल संख्या UP 33 BE 0883 तथा स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP 32 TN 0480 को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस और कार को भी काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना में बाइक सवार पिंटू पुत्र जवाहर लाल निवासी ग्राम छोटीखेड़ा, थाना बछरावां, जनपद रायबरेली गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
सूचना मिलते ही निगोहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस, बाइक एवं कार को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच, साक्ष्य संकलन तथा अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।



