काकोरी में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत

लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा बेहटा चौराहे पर सुबह करीब 11 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, एक कार (UP 32 JW 8720, ईऑन) और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार आशीष यादव (40 वर्ष), निवासी ग्राम बेहटा, गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजिनी नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



