लखनऊ

लखनऊ: ट्रांसपोर्ट नगर के मुंशी खेड़ा गांव में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह

लखनऊ। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुंशी खेड़ा गांव में सूरज रावत और दीपक रावत की ओर से भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद कौशल किशोर शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों को होली की बधाई देते हुए समाज में बढ़ते नशे के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की। कौशल किशोर ने कहा कि होली का पर्व खुशियों, प्रेम और आपसी सद्भाव का प्रतीक है, लेकिन कुछ लोग इस दिन अत्यधिक शराब और नशे का सेवन कर इस पवित्र त्यौहार की गरिमा को कम कर देते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सभी मिलकर यह संकल्प लें कि होली को नशामुक्त पर्व के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग एकजुट होकर नशे के खिलाफ कदम उठाएं तो देश और समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है। इससे लोगों के जीवन में खुशियां और समृद्धि आएगी। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और सामाजिक एकता व भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button