अलविदा जुमे पर ट्रैफिक डायवर्जन, बड़े इमामबाड़ा और टीले वाली मस्जिद के आसपास यातायात बदला जाएगा

लखनऊ। माह-ए-रमजान के आखिरी जुमा (अलविदा) के अवसर पर शुक्रवार 13 मार्च को राजधानी की प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करेंगे। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने पुराने शहर के कई मार्गों पर विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है।
यातायात पुलिस के अनुसार दोपहर 12:30 बजे Asafi Mosque (बड़ा इमामबाड़ा) और 1:00 बजे Teela Wali Masjid में नमाज अदा की जाएगी। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
- डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग तिराहा से पक्के पुल (टीले वाली मस्जिद) की ओर जाने वाला यातायात बंद रहेगा। वाहन निरालानगर चौराहा नंबर-8 होते हुए आईटी चौराहा की ओर भेजे जाएंगे।
- खदरा तिराहा से पक्का पुल की ओर जाने वाला यातायात रोका जाएगा। वाहन बंधा रोड या नया पुल के रास्ते भेजे जाएंगे।
- हरदोई रोड और बालागंज से आने वाले वाहन बड़ा इमामबाड़ा और टीले वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें कोनेश्वर मंदिर चौराहा, चौक चौराहा और मेडिकल कॉलेज चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- कोनेश्वर चौराहा से घंटाघर होते हुए बड़ा इमामबाड़ा की ओर जाने वाला यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- नीबू पार्क (रूमी गेट चौकी) चौराहा से बड़ा इमामबाड़ा और टीले वाली मस्जिद की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- चौक तिराहा, मेडिकल क्रॉस (कमला नेहरू) चौराहा और शाहमीना तिराहा से भी कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
- डालीगंज पुल से सीतापुर रोड जाने वाली रोडवेज और सिटी बसों को आईटी, कपूरथला और पूरनिया मार्ग से भेजा जाएगा।
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित मार्गों पर एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहन को आवश्यकता पड़ने पर अनुमति दी जाएगी।
किसी भी यातायात समस्या या आपात स्थिति में लोग ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।



