
लखनऊ। मोहानलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुजेहटा में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार ग्राम खुजेहटा के ग्राम प्रधान शंकर यादव ने सोमवार करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना दी कि गांव निवासी रामकरन रावत (45 वर्ष) पुत्र नवमी लाल की उसके बड़े बेटे लव कुश (लगभग 17 वर्ष) ने सिर पर डंडे से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police की मोहानलालगंज थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि रामकरन रावत का शव उनके घर के बाहर पड़ा हुआ था और मौके पर परिजन व ग्रामीण मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घरेलू विवाद के दौरान बेटे लव कुश ने पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बेटा लव कुश मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) सहित थाना प्रभारी मोहनलालगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया जा रहा है।पूछताछ में पता चला कि मृतक की पत्नी उस समय अपने मायके गई हुई थी। मृतक के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा लव कुश (17 वर्ष) और छोटा बेटा विशाल रावत (लगभग 15 वर्ष) है। बताया जा रहा है कि रामकरन रावत खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।



