अपराधलखनऊ

दलित युवक पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से मारपीट; घटना कैमरे में कैद

लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम नरौना में होली मिलने के बाद घर लौट रहे युवकों पर कुछ दबंगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता सीमा रावत पत्नी गुड्डू रावत ने कोतवाली काकोरी में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 5 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे उनका बेटा नीरज रावत अपने साथियों विशाल रावत, शोभित यादव व अन्य के साथ गांव के सचिव पुत्र हरिशंकर पाल के यहां होली मिलने गया था। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। तहरीर के अनुसार पहलाद यादव, राजेन्द्र यादव, पप्पू यादव, सुमित यादव, अजय रावत, खिश्शू यादव और अरविंद यादव ने एक राय होकर युवकों को गालियां देते हुए लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और बांका से हमला कर दिया। इस दौरान विशाल रावत व शोभित यादव किसी तरह मौके से भागकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। हमले में नीरज रावत के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं और जाते समय उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी गई। सीमा रावत ने यह भी बताया कि वह एक दलित महिला हैं और घटना के बाद उनका परिवार भय के माहौल में है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूरी घटना पास में कैमरे में कैद हुई है, जिसमें हमलावर साफ दिखाई दे रहे हैं और जरूरत पड़ने पर वीडियो को सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा। फिलहाल पीड़िता ने कोतवाली काकोरी में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button