अपराधलखनऊ

लखनऊ में युवक को मारी गोली, पैर में लगी—पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

लखनऊ। राजधानी के इन्दिरानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सुग्गामऊ स्थित मानस ग्रीन चौकी क्षेत्र में एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट के दौरान गोली मार दी गई। गोली युवक के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार 05 मार्च 2026 को करीब शाम 4 बजे थाना इन्दिरानगर पुलिस को सूचना मिली कि मानस ग्रीन चौकी सुग्गामऊ क्षेत्र में एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही थाना इन्दिरानगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि घायल युवक की पहचान विकास चौधरी उर्फ विक्की (25 वर्ष) पुत्र प्रवेश चौधरी, निवासी दीनदयाल पुरम, थाना इन्दिरानगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास चौधरी को पैर में गोली लगी थी। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई है।

घायल विकास चौधरी के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में घायल ने बताया कि मो. आलम और उसके तीन-चार साथियों ने उसे रास्ते में रोक लिया था। किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने गोली चला दी, जो विकास चौधरी के पैर में जा लगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो. आलम को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

इन्दिरानगर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button