लखनऊ यातायात पुलिस की होली पर विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

लखनऊ। होली के अवसर पर 04 मार्च को रंगोत्सव एवं विभिन्न स्थानों से निकलने वाले जुलूसों/शोभायात्राओं को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने शहर में विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 04 मार्च 2026 को प्रातः 9:00 बजे से जुलूस समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
1. कैसरबाग अशोकलाट चौराहा से सामान्य यातायात नजीराबाद चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन लाटूश रोड या कैसरबाग बस अड्डा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
2. छतरी वाला चौराहा (सकरी सेंटर) से नजीराबाद की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को पोस्ट ऑफिस अमीनाबाद या श्रीराम रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
3. गुइन रोड चौराहा से नजीराबाद की दिशा में वाहन नहीं जा सकेंगे। यहां से यातायात पोस्ट ऑफिस अमीनाबाद या कैसरबाग बस अड्डा की ओर मोड़ा जाएगा।
4. ख्यालिगंज तिराहा से नजीराबाद की ओर आवागमन बंद रहेगा। वाहन कैसरबाग बस अड्डा, गुइन रोड, पोस्ट ऑफिस अमीनाबाद या कैसरबाग अशोकलाट चौराहा होकर गुजरेंगे।
5. श्रीराम रोड तिराहा (कोनेश्वर चौराहा) से चौक चौराहा की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में वाहन घंटाघर, रूमीगेट और चौकी चौराहा होकर जाएंगे।
6. चौक चौराहा से कोनेश्वर चौराहा की दिशा में भी यातायात नहीं जा सकेगा। यहां से वाहन रूमीगेट चौराहा और घंटाघर की ओर डायवर्ट किए जाएंगे.
आपातकालीन सेवाओं को छूट
जुलूस/शोभायात्रा के दौरान यदि किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय आपात स्थिति का सामना करना पड़े और कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न हो, तो एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस एवं स्कूली वाहन को ट्रैफिक व स्थानीय पुलिस की निगरानी में प्रतिबंधित मार्ग से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी।
किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली के दिन निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों की ओर न जाएं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।



