लखनऊ में जन्मदिन पार्टी के दौरान चली गोली, 12 वर्षीय मासूम की मौत

लखनऊ। राजधानी के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के बरगवां इलाके में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। जन्मदिन की पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जन्मदिन की खुशियां बदलीं मातम में
मृतक की पहचान उनैज (12 वर्ष) पुत्र जमीर, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, सरोजिनी नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनैज अपने तीन दोस्तों के साथ कृष्णा नगर स्थित अपने मित्र नवनीत त्रिपाठी के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था।
बताया जा रहा है कि घर के बाहर खड़ी कार में पिस्टल रखी थी। किसी तरह बच्चों को कार की चाबी मिल गई और वे खेलते-खेलते गाड़ी के अंदर चले गए। इसी दौरान कथित रूप से पिस्टल बच्चों के हाथ लग गई और अचानक गोली चल गई। गोली उनैज के सिर में लगी।
परिजन उसे तुरंत लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के समय मौजूद तीनों नाबालिग बच्चों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार में रखा हथियार किसका था और वहां कैसे पहुंचा।
उठ रहे हैं कई गंभीर सवाल
- कार में पिस्टल किसकी थी?
- हथियार बच्चों की पहुंच में कैसे आया?
- क्या यह महज हादसा है या गंभीर लापरवाही?
पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि हथियारों की लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।



