कानपुर रोड पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

लखनऊ। राजधानी के लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बंथरा की सेकेंड मोबाइल टीम 02 मार्च 2026 को शाम करीब 4:55 बजे कस्बा बंथरा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान लखनऊ–कानपुर रोड पर भीड़ दिखाई देने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल संख्या UP32GZ6140 के चालक राम मोहन शुक्ला (52 वर्ष) पुत्र उमाशंकर शुक्ला, निवासी ग्राम इंदेमऊ, थाना बीघापुर, जनपद उन्नाव को कंटेनर संख्या UP78CT8691 ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी और मृतक के परिजनों को अवगत कराया। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
मृतक के परिजन विवेक बाजपेयी पुत्र विजय नारायण बाजपेयी की तहरीर पर थाना बंथरा में मु0अ0सं0 54/2026 के तहत धारा 281/106(1)/324(4) बीएनएस में अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आम नागरिकों से सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



