लखनऊ

किसान पथ पर सड़क हादसा: ट्रक क्लीनर की मौत, आरोपी चालक फरार

लखनऊ। राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक क्लीनर की मौत हो गई। घटना किसान पथ पर नटकुर अंडरपास के पास सर्विस रोड की है, जहाँ पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने क्लीनर को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 10:00 बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल ट्रक क्लीनर को उपचार हेतु सीएचसी सरोजनीनगर भेजा, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संदीप (उम्र लगभग 35 वर्ष) पुत्र मुनेश्वर, निवासी ग्राम सिमरा, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। ट्रक चालक फुरकान ने पुलिस को बताया कि वह झांसी से लखनऊ किसान पथ होते हुए गोरखपुर जा रहे थे। नटकुर अंडरपास से उतरकर सर्विस रोड किनारे ट्रक खड़ा करने के लिए संदीप नीचे उतरकर वाहन को किनारे लगवा रहा था, तभी पीछे से आए ट्रक संख्या RJ 11 GC 7531 के चालक ने कथित रूप से तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए संदीप को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की पहचान के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।

Related Articles

Back to top button