लखनऊ में बड़ा हादसा: विद्युत पोल पर काम कर रहे संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत, बिजली विभाग पर उठे सवाल

Lucknow | राजधानी लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विद्युत मरम्मत कार्य के दौरान एक संविदा कर्मी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27/28 फरवरी 2026 की रात करीब 1:30 बजे जगरानी अस्पताल मुख्य मार्ग पर विद्युत पोल पर मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी दौरान करंट लगने से 45 वर्षीय परशुराम की मौके पर ही मौत हो गई। वह कल्याणपुर-गुडंबा क्षेत्र में विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे।
सुबह करीब 5 बजे मृतक के भाई मोहन द्वारा थाना सैरपुर पर लिखित सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना गुडंबा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विभाग पर लापरवाही के आरोप
बताया जा रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या लाइन पूरी तरह से बंद कराई गई थी? क्या मृतक को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे?
संविदा कर्मियों से रात के समय जोखिम भरे कार्य कराए जाने और सुरक्षा संसाधनों की कमी को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक चार भाइयों में एक थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना
पुलिस के अनुसार, मामले में विधिक कार्यवाही प्रचलित है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि क्या संविदा कर्मियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है? क्या बिजली विभाग इस मौत की जिम्मेदारी लेगा? अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन पीड़ित परिवार को क्या राहत देता है और विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है।



