अपराधलखनऊ

दरोगा खेड़ा के पास दो ट्रकों की टक्कर, केबिन में फंसे चालक को पुलिस-दमकल टीम ने सुरक्षित निकाला

लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरोगा खेड़ा चौराहा के पास शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ–कानपुर रोड पर कृष्ण लोक फेस-1 के सामने दो ट्रकों की आपसी टक्कर में एक चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, आज दिनांक 01 फरवरी 2026 को सुबह करीब 4 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से हादसे की सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि कंटेनर वाहन संख्या NL01AC6391 अनियंत्रित होकर डिवाइडर के पास खड़े ट्रक संख्या UP32EN3818 से टकरा गया था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर वाहन में चालक दीपक पुत्र पप्पू, निवासी ऊसाहार, जनपद इटावा तथा कंडक्टर विकास पुत्र सुंदरलाल, निवासी तालग्राम, जनपद कन्नौज सवार थे। हादसे में चालक दीपक केबिन के अंदर फंस गया, जबकि कंडक्टर को मामूली चोटें आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने स्प्रेडर मशीन की सहायता से केबिन को काटा और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरोजनीनगर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया है। फिलहाल मौके पर यातायात पूरी तरह सुचारु है और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button