
लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम गुलालखेड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब इंदिरा नहर के समीप पटरी किनारे एक युवक का शव मिला। आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को प्रातः लगभग 10:29 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना नगराम पुलिस को सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी), सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज एवं थाना प्रभारी नगराम तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान युवक का शव इंदिरा नहर के विपरीत दिशा में पटरी किनारे ढलान पर पड़ा हुआ पाया गया।
पुलिस जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं तथा ईंट से प्रहार किए जाने के स्पष्ट संकेत पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान ओम प्रकाश (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामहरख, निवासी ग्राम गुलालखेड़ा, थाना नगराम, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। मृतक मजदूरी का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार ओम प्रकाश 22 जनवरी की शाम लगभग 8 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मृतक के परिवार में मां, दो छोटे भाई और एक छोटी बहन हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी द्वारा घटना के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से वार्ता की और आवश्यक आश्वासन दिया।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है।



