बी.के.टी. में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ। बी.के.टी. थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदी में मंगलवार को एक 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 21 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11:10 बजे थाना बी.के.टी. को सूचना मिली कि ग्राम बरगदी में किराए के कमरे में रहने वाली युवती ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर थाना स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि प्रियांशी वर्मा (उम्र करीब 19 वर्ष), पुत्री साधूराम वर्मा ने अपने किराए के कमरे में छत में लगे पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की। पुलिस ने मृतका के शव को परिजनों की उपस्थिति में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका का परिवार मूल रूप से जनपद लखीमपुर का निवासी है और वर्तमान में बी.के.टी. क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरगदी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। प्रियांशी वर्मा चन्द्रिका देवी कॉलेज से ओ.टी. टेक्नीशियन कोर्स की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



