लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में चेन लूट का खुलासा, शातिर लुटेरा गिरफ्तार

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन दक्षिणी अंतर्गत थाना बिजनौर पुलिस ने चेन लूट की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को लूटी गई सोने की चेन सहित गिरफ्तार किया है। घटना दिनांक 15 जनवरी 2026 की है, जब थाना बिजनौर क्षेत्र के ग्राम कमलापुर में रहने वाली श्रीमती रीना पत्नी राजकिशोर द्विवेदी के साथ स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्ति ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन लूट ली थी। पीड़िता की तहरीर पर थाना बिजनौर में मु0अ0सं0 007/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और लगातार तलाश-पतारसी के बाद 16 जनवरी 2026 को मुखबिर खास की सूचना पर अभियुक्त राहुल अरोडा पुत्र स्वर्गीय गुरूदत्ता अरोडा, उम्र करीब 40 वर्ष, को थाना बिजनौर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त को विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त आदतन अपराधी है और इससे पूर्व थाना पीजीआई क्षेत्र में भी चेन लूट की घटना को अंजाम दे चुका है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लूट की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने आम जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



