तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल
हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जगदीशपुर-शाहाबाद मार्ग पर तिरिया प्राथमिक विद्यालय के पास एक तेज रफ्तार मिनी पिकअप डाले ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बहन के लिए रिश्ता देखने जा रहे थे परिजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिहानी थाना क्षेत्र के गांव नरीखेड़ा निवासी 19 वर्षीय विवेक अपने पिता रामप्रकाश के साथ बाइक पर सवार होकर सोमवार दोपहर करीब 2:00 बजे लोनार क्षेत्र के एक गांव जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों विवेक की बहन के लिए लड़का (रिश्ता) देखने जा रहे थे, तभी रास्ते में तिरिया प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
108 एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल, हालत नाजुक
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस (UP-32-FG-0598) तत्काल मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के ईएमटी विवेक कुमार और पायलट राजू ने आनन-फानन में घायल पिता-पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बावन में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल रेफर
बावन सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉ. सुरेंद्र कुमार ने दोनों की हालत को अत्यंत गंभीर पाया। चोटें अधिक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए पिता-पुत्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।



