उत्तर प्रदेश

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में महिला समेत चार गंभीर रूप से घायल

हरदोई । जनपद के लोनार थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर-सांडी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सैतियापुर प्राथमिक विद्यालय के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, टड़ियावा थाना क्षेत्र के कपूरपुर गांव निवासी विनोद कुमार (35) अपनी पत्नी संगीता के साथ बाइक से अपने बहनोई के घर सैतियापुर जा रहे थे। इसी दौरान, लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर-सांडी मार्ग पर सामने से आ रही एक अन्य बाइक, जिस पर शटरिंग का काम करके लौट रहे अनिकेत (19) और सागर (50) सवार थे, उससे सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

तत्काल मौके पर पहुंची मदद

​राहगीरों ने हादसे की सूचना तुरंत एम्बुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही 108 सेवा की दो एम्बुलेंस (UP-32-FG 0598 और UP-32-FG-0658) मौके पर पहुंचीं। ईएमटी विवेक कुमार, सौरभ और पायलट प्रदुम्न व अनुज ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बावन में भर्ती कराया।

हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर

​CHC बावन में तैनात डॉ. जितेंद्र ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चारों की स्थिति चिंताजनक और सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।

घायलों का विवरण:

  1. विनोद कुमार (35): निवासी कपूरपुर, टड़ियावा।
  2. संगीता: पत्नी विनोद कुमार।
  3. अनिकेत (19): निवासी गदईपुर, लोनार।
  4. सागर (50): निवासी निजामपुर, लोनार।

Related Articles

Back to top button