हरदोई पुलिस की अपील: नए साल के जश्न में न तोड़ें मर्यादा, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर

हरदोई। नए साल 2026 के आगमन को लेकर हरदोई पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित जश्न सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों के लिए एक विस्तृत गाइडलाइन (अपील) जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि उत्सव के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात नियमों का पालन अनिवार्य
हरदोई पुलिस ने वाहन चलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि:
- शराब पीकर वाहन न चलाएं: ड्रंक एंड ड्राइविंग पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
- सुरक्षा उपकरण: दुपहिया वाहन पर हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है।
- ट्रिपल राइडिंग पर रोक: बाइक पर दो से अधिक व्यक्ति बैठने पर चालान किया जाएगा।
- नाबालिगों पर सख्ती: 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न दें, अन्यथा वाहन चालक के साथ-साथ वाहन स्वामी के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई होगी।
स्टंटबाजी और सोशल मीडिया पर पाबंदी
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़कों पर स्टंटबाजी न करें और न ही बीच सड़क पर केक काटें। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर चाकू या तलवार से केक काटने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसा करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आएगा।
डीजे और शोर-शराबे के लिए निर्देश
नए साल के आयोजकों को निर्देशित किया गया है कि डीजे और लाउडस्पीकर का उपयोग माननीय न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार ही करें। निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचें और पुलिस का सहयोग करें
हरदोई पुलिस की सोशल मीडिया सेल सभी प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि:
- किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं।
- हुड़दंग कर शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल दें।
- आपातकालीन स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर संपर्क करें।
पुलिस का संदेश: “नववर्ष का रंग-सुरक्षित मनाएं अपनों के संग। हरदोई पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर है।”



