उत्तर प्रदेश

मामूली बात पर दोस्त ने की दोस्त की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कछौना (हरदोई): जनपद हरदोई के थाना कछौना क्षेत्र के अंतर्गत एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मामूली विवाद के चलते एक युवक की गला दबाकर और ईंटों से सिर कूचकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है.

घटना का विवरण

​दिनांक 26.12.2025 को ग्राम कामीपुर निवासी शकील ने थाना कछौना में सूचना दी कि उनका पुत्र रियाज, 24 दिसंबर को गाँव के ही एक व्यक्ति तोसू उर्फ आयुष के साथ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. अगले दिन 25 दिसंबर की शाम को रियाज का शव ईदगाह के पास एक महुआ के पेड़ के नीचे बरामद हुआ. शकील की तहरीर पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

हत्या का कारण: मोटरसाइकिल को लेकर उपजा विवाद

​पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त तोसू उर्फ आयुष ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि 24 दिसंबर की रात को रियाज उसकी मोटरसाइकिल को ग्राम कलौली के पास खड़ी करके अपने घर चला गया था. इसी बात से नाराज होकर तोसू रियाज को घर से बुलाकर ईदगाह के पास ले गया, जहाँ उसने मफलर से उसका गला दबाया और पास पड़ी ईंटों पर सिर मारकर उसकी हत्या कर दी.

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

​पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशानुसार गठित टीम ने अभियुक्त तोसू उर्फ आयुष को उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मफलर (आलाकत्ल) के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार अभियुक्त:

  • ​तोसू उर्फ आयुष पुत्र अजीत प्रताप सिंह उर्फ मटरू, निवासी ग्राम कामीपुर, थाना कछौना.

पुलिस टीम:

इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह, उप-निरीक्षक राजेश कुमार, रामचंद्र शर्मा, विशाल पुण्डीर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button