लखनऊ

अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, 03 जेसीबी और 07 ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना गोसाईगंज क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। गोसाईगंज पुलिस ने ग्राम मोहम्मदपुर गढ़ी में अवैध रूप से मिट्टी का खनन एवं परिवहन कर रहे 03 जेसीबी मशीनों और 07 ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज किया है। पुलिस कमिश्नरेट से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसन्थ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज डी.के. सिंह द्वारा किया गया। दिनांक 25 दिसंबर 2025 को थाना गोसाईगंज पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मोहम्मदपुर गढ़ी में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल खनन अधिकारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि तीन जेसीबी मशीनों से मिट्टी का अवैध खनन कर उसे ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था। मौके पर मौजूद जेसीबी चालकों व वाहन चालकों से खनन व परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी व्यक्ति आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खनन अधिकारी द्वारा नियमानुसार 03 जेसीबी मशीनों और 07 ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज कर दिया गया। उक्त वाहनों को धारा 58/72 उत्तर प्रदेश उप-खनिज परिहार नियमावली, 2021 तथा धारा 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के अंतर्गत सीज किया गया है।

Related Articles

Back to top button