किसान गोष्ठी में फसल सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने पर दिया गया जोर

गोला गोकर्णनाथ, खीरी। किसान दिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रभात किरण सामाजिक संस्थान द्वारा ग्राम परेली में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने से जुड़ी नवीन जानकारियां प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की उन्नत बुवाई विधि, कीट नियंत्रण और आधुनिक तकनीक अपनाने के विषय में विस्तार से जानकारी दी। रिच क्रॉप प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड से अंशुल कुमार वर्मा ने फसलों को कीटों और रोगों से बचाने के उपाय बताए। वहीं, एफएमसी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि रितेश कुमार सिंह ने फसल सुरक्षा में वैज्ञानिक तरीकों और संतुलित दवाओं के प्रयोग पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष नवनीत वर्मा ने किया। उन्होंने किसान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ऐसे आयोजनों से किसानों को नई दिशा मिलती है। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी किसानों, वक्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। गोष्ठी में संस्था के प्रबन्धक पंकज वर्मा, कैलाश श्रीवास्तव, प्रधान बालगोविंद वर्मा, मोहन लाल, सोवरन लाल, बाबू शुक्ला, मदन लाल वर्मा, नन्हें लाल सहित कई किसान मौजूद रहे। किसानों ने गोष्ठी को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की।



