“ऑपरेशन स्माइल” के तहत थाना संडीला पुलिस ने 7 वर्षीय बच्चे को परिजनों से मिलाया

संडीला, हरदोई। जनपद हरदोई में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन स्माइल” के अंतर्गत थाना संडीला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के तहत पुलिस ने भटक गए 7 वर्षीय बच्चे को सकुशल खोजकर उसके परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 20 दिसंबर 2025 को थाना संडीला क्षेत्र के अंतर्गत एक 7 वर्षीय बच्चा अपने घर का रास्ता भटक गया था। बच्चा बस अड्डा संडीला पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम को मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बच्चे को सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया।
इस मानवीय कार्यवाही के लिए बच्चे के परिजनों ने थाना संडीला पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
बताते चलें कि पुलिस अधीक्षक, जनपद हरदोई के निर्देशन में अपहृत व गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी हेतु “ऑपरेशन स्माइल” अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस सराहनीय कार्य में थाना संडीला पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर पाल, उप निरीक्षक बलवंत सिंह तथा महिलाकांस्टेबल चंद्रावती शामिल रहीं।
पुलिस की इस संवेदनशील और जिम्मेदार कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



