नगर निगम की बहुमूल्य भूमि पर दोबारा अवैध कब्जा, लेखपाल से अभद्रता, शिकायत के बाद भी नहीं दर्ज हुए एफआईआर

लखनऊ। सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र के अलीनगर सुनहरा गांव में नगर निगम की बहुमूल्य भूमि पर दबंगों द्वारा एक बार फिर अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह मामला न केवल सरकारी भूमि की सुरक्षा, बल्कि प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना को भी उजागर करता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में स्थित खसरा संख्या 401, रकबा 0.524 हेक्टेयर भूमि को कुछ स्थानीय लोगों ने जबरन अपने कब्जे में ले लिया है। उल्लेखनीय है कि इसी भूमि को 21 अगस्त 2025 को नगर निगम के क्षेत्रीय लेखपाल अनुपम कुमार ने उप जिलाधिकारी की मौजूदगी में कब्जा मुक्त कराकर सुरक्षित कराया था। इसके बावजूद अवैध कब्जेदारों ने प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती देते हुए दोबारा उक्त भूमि पर कब्जा कर लिया। 11 दिसंबर 2025 को जब लेखपाल भूमि को पुनः सुरक्षित कराने के लिए मौके पर पहुंचे, तो आरोप है कि अवैध कब्जेदार बाबूलाल व रमेश ने कब्जा हटाने से साफ इनकार करते हुए लेखपाल के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल अनुपम कुमार ने बताया कि नगर निगम की भूमि को सुरक्षित कराने के दौरान उन्हें खुलेआम विरोध और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने पूरे मामले को लेकर कृष्णा नगर कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है, किंतु अब तक पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। नगर निगम की जमीन पर बार-बार हो रहे कब्जे और पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने के चलते अब प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



