पत्रकारों ने कई बिंदुओं को लेकर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन

संडीला, हरदोई। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन संडीला विधायक अलका सिंह अर्कवंशी के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकारों की मान्यता, सुरक्षा एवं सामाजिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
तहसील अध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि ग्रामीण पत्रकार सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में जनहित की पत्रकारिता कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आज भी कई मूलभूत सरकारी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता देने, जिला एवं मंडल स्तर पर स्थायी पत्रकार समिति के गठन, आयुष्मान कार्ड की सुविधा, रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा, मान्यता व विज्ञापन समितियों में संगठन के प्रतिनिधियों को शामिल करने, लखनऊ स्थित दारुलशफा में संगठन को निःशुल्क कार्यालय उपलब्ध कराने, ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन तथा पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व सक्षम अधिकारी द्वारा जांच को अनिवार्य करने की मांग की गई।
ज्ञापन लेते हुए विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने कहा कि पत्रकार समाज के सच्चे प्रहरी हैं और लोकतंत्र को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हर संभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव एवं संरक्षक डॉ. के. जी. गुप्ता, संरक्षक वसीम सिद्दीकी, संरक्षक राजेश गुप्ता, महामंत्री अजीत प्रताप सिंह सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।



