लखनऊ

पोलो हॉस्पिटल के पास सड़क हादसा—मिथिलेश यादव की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की तलाश जारी

लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र के देवा रोड स्थित पोलो हॉस्पिटल के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर उपनिरीक्षक दीपक कुमार पाण्डेय, हमराह उपनिरीक्षक कपिल कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी तथा होमगार्ड प्रताप घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पुलिस ने एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पाया। मृतक के हाथ-पैर तथा शरीर पर गंभीर चोटें थीं, जबकि टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों से पूछताछ में मृतक की पहचान मिथिलेश यादव, निवासी शिवपुरी, गणेशपुर, रहमानपुर, मटियारी, थाना चिनहट लखनऊ के रूप में हुई। बताया गया कि वह पैदल धावा की दिशा में जा रहे थे जब किसी अज्ञात वाहन ने तेज गति में टक्कर मार दी, जिससे वाहन के नीचे आने पर उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। थोड़ी देर बाद मृतक का पुत्र सचिन भी घटनास्थल पर पहुँच गया और शव की शिनाख्त अपने पिता के रूप में की। पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा की कार्रवाई की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल वाहन व चालक की पहचान हेतु आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button