
लखनऊ। इन्दिरा नगर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी क्राइम/सर्विलांस टीम पूर्वी जोन व थाना इन्दिरानगर की संयुक्त कार्रवाई के दौरान की गई। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कैमरा, लैपटॉप, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, विदेशी मुद्रा, परफ्यूम, 4250 रुपये कैश सहित पीली धातु और अन्य बहुमूल्य सामान बरामद किया है। मामला 13 अक्टूबर 2025 का है, जब अब्दुलअज़ीज़ अहमद मोहम्मद ने अपने बंद घर का ताला तोड़कर कीमती सामान, लैपटॉप व मोबाइल चोरी होने की शिकायत थाना इन्दिरानगर में दर्ज कराई थी। इस संबंध में मुकदमा संख्या 244/2025 पंजीकृत किया गया, जिसकी जांच उपनिरीक्षक आशीष कुमार पांडेय को सौंपी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन हुआ और सर्विलांस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना पर 04 दिसंबर 2025 की रात करीब 9:25 बजे आरोपियों को माही मेडिकल सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास निगम, नीरज वर्मा, मोहित अवस्थी उर्फ कालिया व संजय कश्यप के रूप में हुई है। इनके पास से चोरी के दौरान इस्तेमाल व चोरी की गई वस्तुएं बरामद हुईं, जिनमें Canon कैमरा, HP कंपनी के दो लैपटॉप, Vivo मोबाइल, BoAt हेडफोन, OnePlus नेकबैंड, परफ्यूम, 4250 रुपए नकद, विदेशी नोट-सिक्के, तीन बैग, टॉर्च, कपड़े और अन्य सामान शामिल है। इसके साथ ही थाना गाजीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 351/2025 में चोरी हुए लैपटॉप व मोबाइल भी इन्हीं के कब्जे से मिले, जिसके आधार पर मूल केस में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित चोरी के नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस टीम द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई को चोरी की वारदातों पर एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।



