
लखनऊ। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में मिली अज्ञात महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। क्राइम/सर्विलांस टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों — देवेंद्र सिंह (24) और सूरज पाल (24) — को विनीतखंड सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया। मृतका की पहचान रेखा वर्मा (37) के रूप में हुई है। 1 दिसम्बर को मृतका के भाई ने बहन के हत्या होने की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर विवेचना SI विनोद कुमार सिंह को सौंपी गई। पुलिस ने CCTV फुटेज, सर्चिंग, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर की सूचना की मदद से आरोपियों तक पहुँच बनाई। जांच में मिले साक्ष्यों को देखते हुए मुकदमे में धारा 238 बीएनएस भी बढ़ा दी गई है। पूछताछ में सामने आया कि 30 नवंबर की रात महिला और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ। गुस्से में आरोपियों ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर तख्ते से टकराया और वहीँ उसकी मौत हो गई। स्थिति बिगड़ती देख दोनों युवक घबरा गए और रात लगभग 3 बजे ई-रिक्शा से शव उठाकर विशालखंड-2 की सुनसान गली में फेंककर भाग निकले, ताकि मामला सामान्य लगे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीम आगे भी अन्य साक्ष्यों और पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।



