
लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम बिहार कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर में घुसकर एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला लूट के विरोध में हत्या का लग रहा है। मृतका की पहचान 74 वर्षीय नीलमा श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थीं। सुबह पड़ोसियों ने दरवाजा खुला देखा तो उन्हें अनहोनी का अंदेशा हुआ। तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जब घर के भीतर दाखिल हुई तो बुजुर्ग महिला का शव पीछे वाले कमरे में पड़ा मिला। महिला के गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। कमरे में सामान बिखरा था, अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला, जिससे साफ है कि वारदात के दौरान लूटपाट भी की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम और पुलिस टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई देने की जानकारी सामने आई है, जिसकी पहचान के लिए छानबीन जारी है। इलाके में सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हत्यारे की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधी को पकड़ लिया जाएगा।



