अपराधलखनऊ

12 घंटे के भीतर हत्या का आरोपी गिरफ्तार, आला-ए-कत्ल और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद

लखनऊ। थाना मोहनलालगंज और सर्विलांस सेल दक्षिणी जोन की संयुक्त टीम ने 12 घंटे के भीतर एक जघन्य हत्या का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त थर्माकोल कटर चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल नंबर UP 32 HU भी बरामद कर ली है। 23 नवंबर 2025 को ग्राम धर्मावतखेड़ा निवासी श्रीमती पूनम ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री प्रियांशी रावत, बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा, की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। लगभग दो वर्ष पूर्व प्रियांशी के विवाह की बात आलोक रावत पुत्र सतीश कुमार, निवासी लोना-पुर थाना BBD, से चल रही थी, लेकिन आरोपी की नशे की लत सामने आने के बाद विवाह से इंकार कर दिया गया था। घटना के दिन प्रार्थिनी घर पर मौजूद नहीं थीं। इसी दौरान सुबह लगभग 11:30 से 12:00 बजे के बीच आरोपी घर में जबरन घुसा और थर्माकोल कटर चाकू से प्रियांशी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 475/25 धारा 103(1)/333/351(3) BNS के तहत केस दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस सेल और थाना पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के बाद पुलिस ने दुलारमऊ किसान पथ अंडरपास से आरोपी आलोक रावत को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर खून लगे थर्माकोल कटर चाकू और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। सर्विलांस सेल दक्षिणी और मोहनलालगंज पुलिस टीम की ये कार्रवाई अत्यंत सराहनीय मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button