
लखनऊ। थाना मोहनलालगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम धर्मावतखेड़ा में एक युवती की मृत्यु के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक खबरों को स्पष्ट करते हुए पुलिस ने आधिकारिक जानकारी जारी की है।आज दिनांक 23.11.2025 को लगभग 12:00 बजे थाना स्थानीय को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम धर्मावतखेड़ा में प्रियांशी रावत (उम्र 19 वर्ष), पुत्री स्व. रमेश रावत की धारदार हथियार से संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है।सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी एवं सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन एवं वैज्ञानिक परीक्षण की कार्यवाही की गई।
प्रथमदृष्टया परिजनों के आरोप
परिजनों ने बताया कि मृतका की शादी की बात आलोक रावत पुत्र सतीश निवासी लोनापुर, थाना बीबीडी से चल रही थी। पूर्व में विवाद एवं मारपीट की घटनाओं के चलते परिवार ने विवाह से इनकार कर दिया था। परिजनों के अनुसार, आज सुबह आरोपी घर पहुंचा और मृतका की छोटी बहन के बाथरूम में होने का फायदा उठाकर प्रियांशी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मृतका के शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 03 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



