
लखनऊ। दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल और थाना पीजीआई पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले सक्रिय गैंग का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने गैंग के चार सदस्यों सूरज गौतम उर्फ सद्दाम, शिवम विश्वकर्मा उर्फ कल्लू, मुदित साहा उर्फ आयुष तथा आकाश वर्मा को कासा ग्रीन अपार्टमेंट के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से लोहे की एक तिजोरी, एचपी लेजर प्रिंटर, एक कंबल, ₹7,350 नगद, एक प्लेटिना बाइक (UP 32 QM 0799) तथा एक टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। आरोपियों द्वारा चोरी की वारदातों में इन्हीं वाहनों का प्रयोग किया जाता था। पुलिस के अनुसार यह गैंग सुनसान व बंद घरों को पहले रेकी कर चुनता था और रात में चोरी को अंजाम देता था। पिछले दिनों वृंदावन योजना सेक्टर 16-B और वृंदावन कॉलोनी में दो बंद घरों में हुई चोरी की घटनाओं में इन्हीं अभियुक्तों का हाथ पाया गया। पहली घटना में वादी सिथील कुमार के घर से मोबाइल और आभूषण चोरी हुए थे, जबकि दूसरी घटना में वादी अमित कुमार के बंद घर से कीमती सामान और नगदी चोरी की गई थी। दोनों मुकदमे पीजीआई थाने में पंजीकृत थे। सर्विलांस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इन आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिसके बाद संयुक्त टीम ने दबिश देकर इन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आशंका है कि ये गैंग अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है। गिरफ्तारी से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद है।



